जमीन दिलाने के नाम पर दो महिलाओं से 30 लाख की ठगी
सिकंदराबाद। जमीन दिलाने के नाम पर नगर निवासी युवक ने ग्रेटर नोएडा की दो महिलाओं से तीस लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
एच-24 डेल्टा 2 और एलडीको ग्रीन मीडोस ग्रेटर नोएडा निवासी बाला सैनी, मीनू भाटिया ने बताया कि सिकंदराबाद के टीचर्स कालोनी निवासी युवक ने मेरठ में अनूपनगर फाजलपुर में जमीन दिलाने के नाम पर अपने घर पर दो अप्रैल-2018 को उनसे तीस लाख रुपये लिए थे। शेष राशि एक सितंबर तक अदा करने का समय दिया था। पूरी राशि अदा करने के बाद ही जमीन का उनके नाम पर बैनामा करने की बात कही थी। बताया कि तीस लाख रुपये लेने के कुछ दिन बाद ही उसका व्यवहार बदल गया। उसने महिलाओं के फोन उठाने बंद कर दिए। इस पर महिलाएं जब उसके घर पहुंची तो उसके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की। आरोपी ने दो माह बाद रुपये लौटाने का वादा किया। मगर, अभी तक रुपये नहीं लौटाए। बताया कि अब रुपये वापस मांगने पर उसके परिजन अभद्रता करते हैं और आरोपी युवक ना तो फोन उठाता है और न ही मिलता है। बताया कि जब उन्होंने उक्त भूमि के बारे में जानकारी की तो वह किसी अन्य युवक के नाम पर दर्ज है। दोनों महिलाओं ने युवक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कोतवाल अवनीश कुमार गौतम ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।