दहेज की खातिर शादीशुदा युवक ने की दूसरी शादी
सिकंदराबाद। पत्नी ने पति पर पहले से ही शादीशुदा होने और दहेज की खातिर उससे शादी करने और दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता एसएसपी को शिकायती पत्र दिया है। एसएसपी ने ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने बताया कि 20 अप्रैल 2018 को उसकी शादी दिल्ली निवासी युवक के साथ हुई थी। बताया कि उसकी सास, जेठ, जेठानी शादी में दिए दान दहेज से खुश नहीं थे। शादी के कुछ दिन बाद ही वह दहेज में कार और नकदी की मांग करने लगे। जिसको लेकर उन्होंने उसके साथ मारपीट कर कई बार घर से निकाला। जब वह घर से वापस ससुराल लौटती थी उससे मायके से मिले रुपये भी छीन लेते थे। बताया कि जब उसने नौकरी करनी चाही तो उक्त लोगों ने उसके शैक्षिक प्रमाणपत्र गायब कर दिए। दस नवंबर को पति ने मायके में शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की। बचाव में आए भाई पर भी आरोपियों ने चाकू से जानलेवा हमला किया। नशे में पति ने बताया कि उसकी शादी हो पहले ही हो चुकी है। उसने केवल दहेज के लिए उसके साथ शादी की है।