महिला की नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख की ठगी
- पीड़िता के पति की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र निवासी दंपति ने नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता व उसके पति द्वारा रुपये वापस मांगने पर आरोपी उन्हें हत्या की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सरदारनगर निवासी गुलवीर सिंह पुत्र सुखपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों उनकी मुलाकात गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन निवासी वीरपाल पुत्र मदनपाल, रामरती पत्नी वीरपाल व विक्रांत पुत्र वीरपाल से हुई थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उस दौरान पत्नी बीना देवी की सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने आरोपियों के झांसे में आकर उन्हें पांच लाख रुपये भी दे दिए थे, लेकिन समय सीमा तक आरोपियों ने उनकी पत्नी की नौकरी नहीं लगवाई। पीड़ित ने जब आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो पहले वह जल्द ही रुपये लौटाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन बीते दिनों जब पीड़ित ने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और हत्या की धमकी देकर भगा दिया। देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।