बेहोशी की हालत में निकला गंगा में डूबा युवक
अनूपशहर। कस्बे के नयाघाट की ठोकर के समीप गंगा में डूबते अज्ञात युवक को नाविक प्रमोद गिहारा ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा लिया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद भी युवक होश में नहीं आने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि युवक के होश में आने के बाद ही जानकारी मिल पाएगी तब आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार दोपहर नाविक प्रमोद नाव से सवारियों को सैर करा रहा था। तभी उसे एक युवक गंगा में डूबता दिखाई दिया। उसने आनन फानन में नाव से सवारियों को उतार डूबते युवक को बचाने में जुट गया और युवक को निकाल लिया। बेहोशी की हालत में मिले युवक को तुरंत पुलिस की मदद से सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक चिकित्सा दी गयी व आक्सीजन लगायी गयी। लेकिन युवक के होश में न आने पर उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल उच्चस्तरीय इलाज के लिये भेजा गया है। युवक डूबने के दौरान शर्ट व लोअर पहने हुए था जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक ने गंगा स्नान की बजाय गंगा में डूबकर आत्महत्या का प्रयास किया है। ब्यूरो