कब्रिस्तान की भूमि को लेकर हंगामा, दो पक्षों में तनाव
- एक समुदाय के लोगों ने जमीन पर कब्जा करने का लगाया आरोप
- दूसरे समुदाय के लोग कब्रिस्तान के पास की भूमि पर कर रहे थे दीवार का निर्माण
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
पहासू। थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर में कब्रिस्तान की भूमि के पास दीवार का निर्माण करने पर एक समुदाय के कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि दूसरे समुदाय के लोग भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। एक पक्ष के लोगों ने कब्रिस्तान में आग लगाने का आरोप भी लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया और दूसरे समुदाय के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर मोहल्ले में तनाव है।
मोहल्ला अशोक नगर में कब्रिस्तान की भूमि के पास दूसरे समुदाय के लोगों का बोंगी बिटौरा रखा हुआ है। शनिवार दोपहर उन लोगों ने कब्रिस्तान से सटकर दीवार का निर्माण करना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक समुदाय के कुछ लोगों ने देखा तो मौके पर पहुंचकर विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों समुदाय के लोगों से पूछताछ की। एक समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि कब्रिस्तान की भूमि पर दीवार का निर्माण कर दूसरे समुदाय के लोग कब्जा करना चाह रहे हैं। इन लोगों ने कब्रिस्तान में आग भी लगाई है। जबकि दूसरे समुदाय के लोगों ने पुलिस को बताया कि भूमि पर वह काफी दिनाें से बुर्जी बिटौरे रखते आ रहे हैं। पुलिस ने दीवार का निर्माण कर रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
कोट्स
पैमाइश कराकर मामले की जांच की जाएगी। जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अखिलेश कुमार, थाना प्रभारी पहासू