कस्बे में दिनदहाड़े अनाज मंडी के मुनीम से चार नकाबपोश बदमाशों ने 10 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मुनीम को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। भागते समय बदमाशों के बैग से 30 हजार रुपये गिर गए। एसएसपी और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने सीओ और एसओ को जमकर फटकार लगाई।
लूट को लेकर नगर के व्यापारियों ने अफसरों के सामने विरोध जताया है। मंडी में मनोज मित्तल की मित्तल ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म है। फर्म पर टीचर्स कालोनी निवासी मुनीम ललित कुमार काम करते हैं। सोमवार दोपहर मुनीम कोतवाली के निकट पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 10 लाख रुपये लेकर बाइक से फर्म की ओर आ रहे थे।
मंडी परिसर में फर्म से चंद कदम पहले ही दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करके उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने ललित को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। कनपटी पर तमंचा लगाकर रुपयों से भरा थैला छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से ललित को घायल कर दिया। भागते-भागते थैले से 100-100 के नोटों की 10-10 हजार रुपये की तीन गड्डियां मौके पर ही गिर गईं। इसके बाद बदमाश हवा में तमंचा लहराते हुए भाग गए।
व्यापारियों का अल्टीमेटम, खुलासे तक बंद रहेगी अनाज मंडी
दिनदहाड़े आढ़ती के मुनीम से हुई 10 लाख की लूट के बाद व्यापारियों का पुलिस के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने प्रदर्शन किया। बाद में बैठक कर वारदात के खुलासे तक मंडी बंद रखने का ऐलान कर दिया। सीओ शिकारपुर ने व्यापारियों को तीन दिन में लूट की वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
सोमवार को दिनदहाड़े आढ़ती के मुनीम से हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। लूट की वारदात से गुस्साए मंडी के आढ़तियों ने एसएसपी के सामने जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद मंडी में बैठक हुई। बैठक में वारदात के खुलासे तक मंडी को बंद रखने का ऐलान किया गया।
शिकारपुर अनाज आढ़ती संघ के अध्यक्ष आनंद प्रकाश सिंघल ने बताया कि दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से पता चलता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ बिल्कुल नहीं है। ऐसे में व्यापार करना कठित हो गया है। पुलिस को जल्द वारदात का खुलासा कर पीड़ित व्यापारी की रकम बरामद करानी चाहिए।
इस मौके पर लाला शर्मा, मनोज मित्तल, संजय सिंह, पंकज प्रधान, संजू शर्मा आदि व्यापारी मौजूद रहे। शिकारपुर के लोगों का आरोप है कि पुलिस दिनभर उगाही में लगी रहती है। पुलिस की बदमाशों पर बिल्कुल भी पकड़ नहीं है।