राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रांड सवाना सोसायटी में एओए चुनाव पर चल रहे विवाद में डिप्टी रजिस्ट्रार मेरठ ने दूसरी बार पूर्व एओए पदाधिकारियों को नोटिस जारी किया है। इससे पूर्व डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा पांच अक्तूबर को नोटिस जारी कर 18 अक्तूबर तक जवाब मांगा गया था।
डिप्टी रजिस्ट्रार ने नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि पूर्व एओए पदाधिकारियों द्वारा जो जवाब दिया गया उससे कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा। ऐसे में उन्होंने फिर से नोटिस जारी कर सभी साक्ष्य और दस्तावेज के साथ आठ नवंबर तक मेरठ पहुंच कर पूर्व एओए पदाधिकारियों को अपना पक्ष रखने को कहा है। ऐसा न करने पर उचित कार्रवाई की भी बात कही है।
बता दें कि राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रांड सवाना सोसायटी में एओए चुनाव पर विवाद चल रहा है। स्थानीय रेजिडेंट्स ने इस संबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार से शिकायत की थी। इसी पर डिप्टी रजिस्ट्रार ने 5 नवंबर को नोटिस जारी कर पूर्व एओए पदाधिकारियों से पूछा था कि उन्होंने वक्त रहते चुनाव क्यों नहीं कराए।
डिप्टी रजिस्ट्रार ने इस संबंध में एओए के पूर्व पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया था कि कार्यकाल खत्म होने के बाद अब वे लोग चुनाव नहीं करा सकते। एओए का कार्यकाल जब 13 सितंबर को खत्म हो चुका है तो अब उन्होंने किस आधार पर चुनाव अधिकारी नियुक्त किए हैं इसकी जवाबदेही के लिए पदाधिकारियों को 18 अक्तूबर को मेरठ बुलाया था।
एओए पूर्व पदाधिकारियों ने चुनाव न कराने के कारण डिप्टी रजिस्ट्रार को लिखित में भेजा था, जिसे अब डिप्टी रजिस्ट्रार ने खारिज कर दिया है। साथ ही अब नए सिरे से आठ नवंबर तक सबूतों के साथ मेरठ पहुंचने को कहा है।
केडीपी के पूर्व एओए पदाधिकारी राजकुमार त्यागी ने बताया कि डिप्टी रजिस्ट्रार यदि जवाब से संतुष्ट नहीं तो वे लोग तय समय पर साक्ष्य और दस्तावेजों के साथ स्वयं डिप्टी रजिस्ट्रार के कार्यालय पहुंचेंगे।