बाइक सवार बदमाशों ने कस्बा स्थित पीएनबी से रुपये निकाल कर लौट रहे किसान से गन प्वाइंट पर दिनदहाडे़ डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। तीन घंटे तक दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आधा घंटे तक जेवर मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे सीओ ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना क्षेत्र के जवां गांव निवासी किसान कमल सिंह अपने पुत्र संजीव के साथ सोमवार को कस्बा स्थित पीएनबी से डेढ़ लाख रुपये निकालने गए थे।
संजीव ने बताया कि उसने अपने चाचा चरण सिंह के पुत्र सोनू को फोन कर बुलाया और पिता कमल सिंह को टैंपो से गांव भेज दिया। संजीव बैंक से डेढ़ लाख रुपये लेकर सोनू के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। कस्बा स्थित भट्ठे के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और गन प्वाइंट पर उनसे डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
संजीव को बदमाश जान से मारने की धमकी देकर जेवर की ओर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ जेवर दिलीप सिंह, कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव और जहांगीरपुर थाना प्रभारी उमेश पचौरी मौके पर पहुंचे।
वारदात के बाद बदमाशों की तलाश करने के बजाय जहांगीरपुर चौकी (जेवर कोतवाली) और जहांगीपुर थाने की पुलिस तीन घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में सीओ जेवर ने जेवर कोतवाल को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जेवर मार्ग पर आधा घंटे जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बैंक से पीछे लगे थे बदमाश
पीड़ित की माने तो रुपये निकालने के बाद बैंक के बाहर पहले से ही मौजूद बदमाश उनका पीछा करने लगे। वहीं, दूसरी ओर बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हो गए है।
जेवर कोतवाली में सौरभ छाबड़ा और दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा। - दिलीप सिंह, सीओ जेवर