कालाआम पर गोकशी के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : ब्यूरो
नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह शांतिनगर भूड़ में तस्करी के लिए गोवंश ले जा रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भाग गया। बाद में गोतस्करी के विरोध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं नें कालाआम पर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हुई।
बाद में उन्होंने नगर कोतवाल आरके सिंह को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल के विभाग गोरक्षा प्रमुख हेमंत सिंह ने बताया कि शांतिनगर भूड़ में एक व्यक्ति पिछले कुछ समय से गोवंश की तस्करी कर रहा है। मंगलवार सुबह शांतिनगर भूड़ के लोगों ने गोवंश जाते एक युवक को पकड़ लिया।
लोगों ने पूछताछ की तो वह कुछ बता नहीं पाया। इस पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का नाम सुनते ही युवक हाथ छुड़ाकर भाग गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के लोग पहुंच गए। उन्होंने गोवंश को कब्जे में ले लिया। सभी लोग कालाआम पर एकत्र हो गए।
लोगों ने गोतस्करी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। इसी दौरान लोगों की पुलिस से झड़प भी हुई। बाद में मोहल्ले के एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने नगर कोतवाल आरके सिंह को ज्ञापन भी सौंपा।