जहांगीराबाद। मथुरा जनपद के थाना नौझील क्षेत्र निवासी प्रेमी युगल ने बुधवार देर शाम जहांगीराबाद पहुंचकर जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। प्रेमिका खुद अपने प्रेमी को बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंची और फिर बेहोश हो गई। दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।
बीते दिनों मथुरा जनपद के थाना नौ झील निवासी एक युवती लापता हो गई। जिसके बाद उसके परिजनों ने पास ही रहने वाले एक युवक के खिलाफ बेटी को बहला फुसला कर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया। बताया गया कि बुधवार देर शाम को उक्त युवती बाइक पर आरोपी युवक को बैठाकर जहांगीराबाद स्थित एक अस्पताल पहुंची। उस दौरान युवक की हालत काफी खराब थी, कुछ देर बाद युवती की भी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में पूछताछ के दौरान सामने आया कि दोनों मथुरा के नौझील थाना क्षेत्र से अपने घरों से भाग कर आए हैं। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने पूछताछ के बाद युवती के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी एक रिश्तेदार को फोन पर मामले की जानकारी दी। बुधवार देर रात दोनों की हालत बिगड़ने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। सीओ अनूपशहर पूर्णिमा सिंह ने बताया कि गहनता से मामले की जांच की जा रही है। युवक के खिलाफ मथुरा के नौ झील थाने पर युवती को बहला फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का मुकदमा दर्ज है। दोनों के होश में आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।