फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: रोडवेज बस की टक्कर से संभल निवासी दंपती की मौत, किशोर घायल

विज्ञापन
बुलंदशहर मृतक दंपती असलम और हीना का फाइल फोटो।
विज्ञापन
बुलंदशहर/शिकारपुर। मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर बाइक सवार दंपती को यूपी रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। इससे पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में एक किशोर घायल हो गया। उसका अलीगढ़ में मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन

घायल किशोर मरने वाले युवक का छोटा भाई है। हादसा शुक्रवार को रात में लगभग दस बजे चित्सौन के पास हुआ। हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
संभल जिले में गुन्नौर तहसील के गांव धनारी निवासी गुलाम मोहम्मद ने बताया कि उनके 32 वर्षीय भतीजे असलम दिल्ली में कारपेंटर का काम करते थे। परिवार के साथ वह गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में रहते थे।
विज्ञापन

कुछ दिन पहले ही वे परिवार के लोगों से मिलने के लिए गांव आए थे। गुलाम मोहम्मद ने बताया कि असलम शुक्रवार की रात में पत्नी हिना (24) और 15 वर्षीय छोटे भाई राजू के साथ बाइक से गाजियाबाद जा रहे थे।
रात करीब दस बजे चित्सौन के पास बदायूं की ओर जा रही कौशांबी डिपो की बस ने असलम की बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने असलम और हिना को मृत घोषित कर दिया। राजू की हालत गंभीर होने के चलते रेफर कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे। दंपती के शवों को देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों ने बताया कि असलम की करीब ढाई साल पहले ही शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है। ग्रामीण शकील, गुलफाम आदि ने बताया कि असलम के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है।
परिवार में इकलौते कमाने वाले थे असलम
गुलाम मोहम्मद ने बताया कि असलम के पिता की लगभग दस साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में असलम ही सबसे बड़े थे। उनसे छोटी बहन चांदनी (20), भाई राजू (15), बहन रुखसाना (12) हैं।
पिता की मौत के बाद परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी असलम पर ही थी। वह दिल्ली में काम करके परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। अब असलम की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा।
दो माह बाद होनी थी बहन की शादी
गुलाम मोहम्मद ने बताया कि असलम ने बहन चांदनी का रिश्ता गांव सैदवा जनपद संभल में तय कर दिया था। दो माह बाद बहन चांदनी की शादी होनी थी। घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। असलम बहन की शादी धूमधाम के साथ करना चाहते थे।
इसको लेकर वह दिन रात मेहनत कर रहे थे। हादसे में अचानक मौत से बहन की शादी कैसे होगी, इसको लेकर भी परिवार के लोगों में चिंता है।
वर्जन
पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। रोडवेज बस को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शोभित कुमार, सीओ खुर्जा

बुलंदशहर मृतक दंपती असलम और हीना का फाइल फोटो।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें