महाअभियान आज : 81 केंद्रों पर 57,600 लोगों को लगेगा भरोसे का टीका
बुलंदशहर। जनपद में एक बार फिर 27 अगस्त को महाअभियान चलाकर टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने 57,600 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। महाअभियान के लिए बृहस्पतिवार को डोज प्राप्त हो गया। जिले के 81 केंद्रों पर 312 टीम को टीकाकरण की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, इस बार स्कूलों में शिक्षकों और कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र और शिक्षकों को भी टीका लगाया जाएगा।
तीन अगस्त और 16 अगस्त को टीकाकरण का महाअभियान चलाया गया। वहीं, अब शासन के निर्देश पर 27 अगस्त को टीकाकरण का तीसरा महाअभियान चलाया जा रहा है। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. राकेश चंद्रा ने बताया कि जिले में अब तक कुल 13,30,787 डोज लगाया जा चुका है। इसमें 11,40,013 लोगों को पहला डोज तो 1,90,774 लोगों को दूसरी डोज लगाया जा चुका है।
कल लगेगा दूसरी डोज
दूसरे डोज से वंचित लोगों को अभियान चलाकर टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। माह के तीसरे शनिवार यानी 28 अगस्त को दूसरे डोज से वंचित लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है।
टीकाकरण पर एक नजर
कुल टीका - 13,30,787
पहला डोज - 11,40,013
दूसरा डोज - 1,90,774
पुरुष वर्ग - 7,13,757
महिला वर्ग - 6,16,723
अन्य - 302
कोविशील्ड - 11,92,219
कोवाक्सीन - 1,38,568
शुक्रवार को टीकाकरण का तीसरा महाअभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शासन से 57,600 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला है। टीम द्वारा स्कूल/कॉलेज में शिक्षक और छात्रों का भी टीकाकरण किया जाएगा। शनिवार को दूसरे डोज के लिए चलने वाले अभियान की भी तैयारी कर ली गई है।
- डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ
तीसरी लहर की तैयारियों को मॉकड्रिल आज
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को लेकर शुक्रवार को मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। मॉकड्रिल का आयोजन जिले के पांच अस्पतालों में होगा। जटिया चिकित्सालय खुर्जा, संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद और स्याना, शिकारपुर व डिबाई सीएचसी को कोविड अस्पताल बनाया गया है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि अस्पतालों में बच्चों के इलाज की पुख्ता व्यवस्था की जा चुकी है। कोविड अस्पतालों में बच्चों के लिए बेड आरक्षित हैं। आइसोलेशन, एचडीयू, वेंटिलेटर, एनआईसीयू और पीआईसीयू के इंतजाम किए जा चुके हैं। डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इन सभी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को ड्राइ रन (मॉक ड्रिल) का आयोजन होगा। इसमें कोरोना संक्रमित बच्चों को अस्पताल में भर्ती से लेकर इलाज मुहैया कराने तक के इंतजाम को परखा जाएगा।