मॉपअप राउंड में 834 फ्रंट लाइन वर्करों को लगा टीका
बुलंदशहर। दूसरे चरण में टीके से वंचित फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगाने के लिए सोमवार को मॉपअप राउंड का आयोजन हुआ। इस दौरान 834 छूटे फ्रंट लाइन वर्करों ने टीका लगवाया। अब तक वंचित रह गए शेष वर्करों को शासन के निर्देश पर अंतिम मौका दिया जा सकता है।
पांच फरवरी से दूसरे चरण में पुलिस विभाग, राजस्व, प्रशासन आदि विभागों के 10421 कर्मियों को टीका लगाया गया था, जबकि 3386 फ्रंट लाइन वर्कर टीका लगवाने से वंचित रह गए थे। कोरोना से बचाव के लिए सभी को टीका लग सके इसके लिए पहले चरण की तरह दूसरे चरण के पात्र लाभार्थियों के लिए मॉपअप राउंड का आयोजन किया गया। इसके बावजूद 75 फीसदी से अधिक पात्र लाभार्थी केंद्र तक नहीं पहुंच सके। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि दूसरे चरण में टीका लगवाने से वंचित रह गए फ्रंट लाइन वर्करों को मॉपअप राउंड के तहत सोमवार को टीका लगाया गया। जो 17 केंद्रों पर आयोजित हुआ। जिला अस्पताल में 666 के सापेक्ष 123, पुलिस लाइन में 520 के सापेक्ष 112, जिला महिला अस्पताल में 515 के सापेक्ष 84, वीआईआईटी में 385 के सापेक्ष 36 और पीपीसी खुर्जा में 335 के सापेक्ष 75 वर्करों को टीका लगाया गया। शेष अन्य स्थानों पर भी 20 से 30 फीसदी पात्र ने टीका लगवाया।
एक व्यक्ति मिला कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में सोमवार को एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि बीबीनगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति में जांच के दौरान कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई हैं। जिले में संक्रमण के कुल केस 6259 हो गए हैं। अब तक 6147 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 94 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 18 लोगों का उपचार चल रहा है। संवाद