पुलिस ने दबोचे फर्जी अधिकारी
ककोड़। डेयरी प्रोडक्ट की दुकान से सैंपल के नाम पर अवैध उगाही करने का प्रयास कर रहे पांच फर्जी अधिकारियों को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दुकान स्वामी ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव अख्तियारपुर निवासी अजय सोलंकी ने तहरीर देते हुए बताया कि गांव में बालाजी मिल्क प्रोडक्ट के नाम से उनकी दुकान है। सोमवार को उनके प्रतिष्ठान पर मुनीम महेश बैठा था। तभी एक बोलेरो गाड़ी दुकान के सामने आकर रुकी। कार में पांच लोग सवार थे। उक्त सभी लोगों ने अपने आपको एंटी करप्शन सेल से बताते हुए मुनीम से पनीर का सैंपल भरने के लिए कहा। कहा कि आपके खिलाफ हमारे पास मिलावट करने की शिकायत है। मुनीम के खाद्य विभाग द्वारा सैंपल लिए जाने की बात कहने पर एक युवक ने अपना कार्ड दिखाते हुए कहा कि जांच में सहयोग करो नहीं तो जेल भिजवा देंगे। धमकी से मुनीम भयभीत हो गया।
इसी दौरान एक युवक ने कहा कि यदि तुम जेल नहीं जाना चाहते और सैंपल भी भरवाना नहीं चाहते तो एक लाख रुपये देकर मामले को रफा -दफा कर दो। जिस पर मुनीम ने फोन पर पूरे मामले की उन्हें जानकारी दी। जानकारी होने पर अजय डेयरी पर पहुंचे। उक्त लोगों का हुलिया और गाड़ी को देखकर उन्हें संदेह हुआ। गाड़ी हरियाणा नंबर की थी और गाड़ी पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था। आगे एंटी करप्शन सेल ऑफ इंडिया लिखा हुआ था। जब पुलिस को बुलाने की बात कही गई तो उक्त सभी लोग घबरा गए। बताया कि उसने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को सूचना दिए जाने की जानकारी पर उक्त सभी लोग फरार होने का प्रयास करने लगे। लेकिन इसी दौरान पुलिस पहुंच गई। सभी लोगों को पकड़कर और उनकी गाड़ी को पुलिस को सौंप दिया गया। निरीक्षक योगेंद्र मलिक ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।