कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर करा सकेंगे टीबी की जांच
बुलंदशहर। कोविड-19 की जांच में निगेटिव होने पर टीबी मरीज अब अपनी जांच करा सकेंगे। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के महानिदेशक ने आदेश जारी कर दिए हैं। इससे जिले के सीवियर एक्यूट रेस्परेटरी इलनेस (एसएआरआई) और इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) के रोगी को राहत मिलेगी।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. डीएस नेगी के अनुसार कोविड-19 और टीबी के कई लक्षण समान होते हैं। गत 31 जुलाई तक प्रदेश में चिन्हित किए गए 38,324 सांस के गंभीर रोगियों और सर्दी-जुकाम के लक्षण वाले 65,395 रोगी कोविड-19 जांच में निगेटिव पाए गए हैं। इनमें कई टीबी रोगी भी हो सकते हैं। इन सभी की जिला स्तर पर टीबी की जांच होनी जरूरी हैं। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एमके गुप्ता ने बताया कि महानिदेशक के निर्देश पर निगेटिव मरीजों की सूची तैयार करने के लिए सभी सीएचसी-पीएचसी पर टीम को निर्देश दिए जाएंगे। जिन रोगियों में टीबी जैसे लक्षण होंगे उनकी जांच की जाएगी। साथ ही ऐसे रोगियों की बलगम की सीबीनॉट से क्षय रोग की जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर चेस्ट एक्स-रे व अन्य जांच भी कराई जा सकती हैं। वहीं, आईएलआई के जिन मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है उनके घर टीबी यूनिट की टीम भ्रमण कर वर्तमान में क्षय रोग के लक्षण की जानकारी प्राप्त करेगी।