लक्षणविहीन और कांटैक्ट ट्रेसिंग वाले लोग मिल रहे संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार मिल रहे हैं। हालांकि नए संक्रमित में लक्षण विहीन और कांटैक्ट ट्रेसिंग वाले शामिल हैं। सोमवार को 29 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, 61 लोग स्वस्थ हुए। इसके बाद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 286 हो गई है।
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि पहली और दूसरी लहर की अपेक्षा तीसरी लहर में कोरोना का अधिक संक्रमण न तो फैला और न ही अधिक गंभीर मामले सामने आए। तीसरी लहर में मिले 80 फीसदी संक्रमित होम आइसोलेट के दौरान ही स्वस्थ हो गई। इस बीच पांच लोगों की मौत हुई। बताया कि नए संक्रमित में लक्षण विहीन और संक्रमित के संपर्क में आने वाले लोग है। सोमवार को 29 लोगों में 24 की आरटीपीसीआर लैब से रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें बुलंदशहर से छह, स्याना में चार, अरनियां में तीन, बीबीनगर, लखावटी, सिकंदराबाद, खुर्जा और जहांगीराबाद में दो-दो और ऊंचागांव, अनूपशहर, पहासू, दानपुर, डिबाई और गुलावठी क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। नए संक्रमित होम आइसोलेट कर दिए गए हैं।