बढ़ा खतरा, फिर शुरू होगा कोविड कमांड सेंटर
बुलंदशहर। कोविड का खतरा बढ़ने पर अब डीएम ने इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर को दोबारा से शुरू करने के आदेश दिए हैं। साथ ही कोविड वैक्सीनेशन में फिसड्डी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को निर्देशित किया है। अस्पतालों में नवजात बच्चों को बेहतर उपचार के लिए एमएनसीयू वार्ड क्रियाशील करने के आदेश दिए।
जिला पंचायत सभागार में डीएम चंद्रप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीएम ने एमएनसीयू वार्ड को क्रियाशील करते हुए बच्चों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में आशा को किए जाने वाले मानदेय के भुगतान की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आशाओं के मानदेय का भुगतान समयबद्धता से किया जाए। कोविड के नए फेज से बचाने के लिए इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर को सक्रिय करते हुए कर्मचारियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। आदेश दिए कि प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र पर फार्मासिस्ट, टैक्नीशियन की ड्यूटी लगाते हुए कोविड लक्षणयुक्त लोगों की आरटीपीसीआर, एंटीजन जांच, सैंपलिंग कराई जाए। ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट को क्रियाशील कराते हुए ऑक्सीजन आपूर्ति भी सुनिश्चित कराई जाए। सभी कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर को बैकअप के तौर पर रखने के भी आदेश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जहांगीराबाद के डॉ. निखिल के बैठक में अनुपस्थित रहने और टीकाकरण कार्य में लापरवाही बरतने पर स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए। बैठक में बीडीए उपाध्यक्ष निशा अनंत, सीडीओ अभिषेक पांडेय, सीएमओ डा. विनय कुमार उपस्थित रहे।