राहत : कोरोना से मुक्त होने की दहलीज पर जनपद
बुलंदशहर। कोरोना से मुक्त होने की दहलीज पर जनपद पहुंच रहा है। संक्रमण में तेजी से कमी आई है। पिछले सात दिनों में मात्र तीन केस सामने आए हैं। मंगलवार को पहासू ब्लॉक क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, दूसरी ओर अब लोग कोरोना के प्रति लापरवाह भी हो रहे हैं। लोगों की भीड़ और बिना मास्क घूमना कोरोना संक्रमण को दावत दे रहा है। इससे बचने के लिए स्वास्थ्य अफसर लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं।
पहला मरीज 29 मार्च को मिला था
जनपद में 29 मार्च को कोरोना का पहला केस सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र में मिला था। 23 मार्च 2021 को जनपद में मात्र 20 कोरोना संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा था। इसके बाद धीरे-धीरे आंकड़े बढ़ते चले गए और एक अप्रैल से शुरू हुई संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान संक्रमितों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती चली गई। जनपद में हालात ये हो गए कि मरीजों को अस्पताल में जगह नहीं मिल पा रही थी। तीमारदार किसी ना किसी प्रकार अपनों का इलाज करने के लिए भटकते रहे।
जुलाई में संक्रमण की रफ्तार हुई मंद
अब जुलाई माह में संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे मंद होती जा रही है। चार माह बाद जनपद में एक्टिव केसों की संख्या दहाई के अंक से नीचे आ जाने पर स्वास्थ्य अफसरों के साथ जिला प्रशासन ने भी राहत महसूस की है। जिले में संक्रमण के कुल 20,198 केस है। इनमें 19,954 लोग स्वस्थ हो चुके है और 241 लोगों की मौत हो चुकी है। शेष तीन लोगों का उपचार चल रहा है।
कोविड-19 गाइडलाइन का करें पालन, बरतें एहतियात
सर्विलांस टीम में शामिल डॉ. गौतम लाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण अभी पूर्णतय समाप्त नहीं हुआ है। इसकी गति धीमी हुई है, मगर अब भी सतर्कता की जरूरत है। कोरोना संक्रमण की चुनौती अभी भी सबके सामने है। लोगों को कोविड-19 गाइड लाइन का पालन करना होगा। लेकिन लोग बेपरवाह हो गए हैं। यह खतरे का संकेत भी हो सकता है।
नौ लाख लोगाें को लग चुका है टीका
जनपद में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान की शुरूआत हुई। अब तक 9,73,777 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें 8,33,212 लोगों को पहला डोज और 140565 लोगों को दूसरा डोज लगाया जा चुका है। वहीं, मंगलवार को 131 बूथ पर टीकाकरण का आयोजन हुआ। इस दौरान जिला अस्पताल समेत सभी केंद्रों पर 7,316 लोगों को पहला तो 1,177 लोगों को दूसरा डोज लगाया गया। 18 से 44 वर्ष और 45 वर्ष से अधिक उम्र के 8,493 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के तहत मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया गया।
सात दिन के आंकड़े
तारीख संक्रमित एक्टिव केस
21 जुलाई 01 14
22 जुलाई 00 14
23 जुलाई 00 09
24 जुलाई 01 06
25 जुलाई 00 03
26 जुलाई 00 02
27 जुलाई 01 03
कोरोना संक्रमण से जनपद मुक्त होने की कगार पर है। अगर लोगों की लापरवाही जारी रही तो संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कोविड-19 गाइड लाइन का पालन करें। तीसरी लहर से लोगों को बचाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ