सीएमओ-एसीएमओ समेत 50 मिले कोरोना संक्रमित, एक की मौत
बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमण के केस बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुखिया सीएमओ और एसीएमओ समेत 50 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। साथ ही जनपद निवासी एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। नए संक्रमित मिलने पर अब कुल आंकड़ा 1771 हो गया है। वहीं, एक की मौत होने पर मौत का आंकड़ा 39 और अब तक 1433 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं।
कोरोना संक्रमण में अब कोरोना वारियर्स की भूमिका निभा रहे लोग भी चपेट में आते जा रहे हैं। शनिवार को सीएमओ तो रविवार को एक एसीएमओ में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर विभाग में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार सीएमओ का दो दिन से स्वास्थ्य खराब चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर शुक्रवार रात ट्रूनेट से जांच करवाई। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल सीएमओ को होम आईसोलेशन में रखा गया है। सीएमओ ने गत सप्ताह में सम्पर्क में आने वालों से क्वारंटीन रहने के साथ कोरोना जांच कराने की अपील की है। वहीं, रविवार को एक एसीएमओ संपर्क में आने पर कोरोना संक्रमित मिले। इसके अलावा नगर की ज्ञान लोक कॉलोनी में पांच, देवीपुरा में तीन, यमुनापुरम में दो, पुलिस लाइन और मालागढ़ में एक-एक संक्रमित आए। नरौरा के मोहल्ला कलकत्त्ती में एक संक्रमित प्रवासी के संपर्क में आने पर 13 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। खुर्जा के गांव हजरतपुर में तीन, कोतवाली देहात क्षेत्र में दो, गांव मीरपुर में एक व्यक्ति समेत आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डिबाई क्षेत्र में छह, पहासू में तीन, जहांगीराबाद-अनूपशहर में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। इसके अलावा शनिवार को एलएलआरएम मेरठ से जनपद के चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई। जिसमें एक की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। वहीं, 48 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जनपद में अब तक कुल संक्रमित 1771 में से 39 की मौत और 1433 अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं। साथ ही वर्तमान में 299 लोगों का उपचार चल रहा है।
सीएमओ बैठकों में रहते थे मौजूद
कोरोना काल के चलते सीएमओ लगातार प्रशासनिक अफसरों संग बैठक में मौजूद रहते थे। बृहस्पतिवार को भी सीएमओ बैठक में शामिल रहे थे और दो दिन पूर्व स्वास्थ्य मंत्री से भी मुलाकात की थी। वहीं, एसीएमओ भी लगातार प्रशासनिक अफसरों संग बैठक कर रहे थे। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को छोड़ अन्य किसी अधिकारी ने न तो कोरोना जांच कराई है और न ही क्वारंटीन हुए हैं। जबकि, आम नागरिकों के कोरोना पॉजिटिव आने पर संबंधित क्षेत्र को 14 दिन के लिए सील करने के साथ संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन कर सैंपल जांच को भेजा जाता है।
नगर पंचायत कार्यालय किया बंद
नरौरा में एक साथ 13 संक्रमित मिलने पर हॉट स्पॉट एरिया में पंचायत का कार्यालय आने पर बंद कर दिया गया। साथ ही पंचायत के समस्त अफसर और कर्मियों के सैंपल जांच के निर्देश दिए गए हैं। नगर पंचायत चेयरमैन विवेक वशिष्ठ ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नगर पंचायत कार्यालय को पं.दीनदयाल चौराहे के निकट पेयजल टंकी परिसर पर अस्थाई तौर पर शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही हॉट स्पॉट एरिया की सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग में दो अफसरों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। साथ ही 48 अन्य लोग संक्रमित आए हैं। जनपद निवासी एक व्यक्ति की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई है और 48 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया हैं। संक्रमित के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच की जा रही है।
- डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ/नोडल अधिकारी