औरंगाबाद। थाना क्षेत्र की लखावटी पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही सुधीर सिंह ने बृहस्पतिवार तड़के लखावटी मध्य गंग नहर की पटरी पर सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले का सिपाही का सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है।
वायरल ऑडियो में मृतक थाना प्रभारी राहुल चौधरी, मुंशी अंकित गुर्जर, सुधीर कुमार पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगा रहा है। एसएसपी ने ऑडियो का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी, दोनों मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया है।
वहीं, तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस महकमे में शोक है। थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने गत रविवार को थाना औरंगाबाद का चार्ज संभाला था। उन्हें थाना बीबीनगर से औरंगाबाद भेजा गया था।
गांव सिंगेचा थाना इरादतनगर जनपद आगरा निवासी 25 वर्षीय सुधीर सिंह करीब तीन माह से औरंगाबाद थाने में तैनात थे। वह 2025 बैच के सिपाही थे। बुधवार रात्रि में सुधीर सिंह की ड्यूटी लखावटी पुलिस चौकी स्थित बैरियर पर थी।
सुधीर सिंह के साथ सिपाही सौरभ शर्मा भी ड्यूटी पर थे। बताया गया कि देर रात्रि फोन पर सिपाही सुधीर सिंह की परिचित से बातचीत हुई। इसके बाद वह करीब तीन बजे लखावटी मध्य गंग नहर की पटरी पर जा पहुंचे। पीछे से साथी सौरभ शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। सौरभ ने सुधीर सिंह को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच सुधीर सिंह ने सर्विस राइफल से हवाई फायर कर दिया।
साथी सिपाही सौरभ भागकर लखावटी पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दी। पुलिस को आता देख सुधीर सिंह ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली गर्दन में लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सिपाही के खुद को गोली मारने की सूचना से पुलिस महकमे में अफरा-तरफी मच गई।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार अजेय, सीओ सिटी प्रखर पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। जांच, पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
कोट
वायरल ऑडियो के आधार पर थाना प्रभारी राहुल चौधरी, मुंशी अंकित गुर्जर, सुधीर कुमार को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी।
-अभिषेक प्रताप अजेय, एसपी सिटी
- प्रताड़ना से तंग आकर नौकरी, जिंदगी से दे रहा हूं त्यागपत्र...
वायरल ऑडियो में मृतक सिपाही सुधीर सिंह कह रहे हैं कि 13 जुलाई को उनके पेट में दर्द था। अपनी परेशानी के बारे में उन्होंने मुंशी अंकित गुर्जर को बताया लेकिन उन्होंने उनकी एक न सुनी।
थाना प्रभारी को बताने पर उन्होंने उनके साथ गाली गलौज करते हुए टार्चर किया। प्रताड़ना से तंग आकर वह इस नौकरी और जिंदगी से त्याग पत्र दे रहे हैं। वहीं, वायरल ऑडियो में एक आवाज और सुनाई दे रही है, जो मृतक सिपाही सुधीर सिंह को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
औरंगाबाद से मृतक सिपाही सुधीर ठाकुर का फाइल फोटो।