सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में खुले पड़े एक गहरे नाले में तेज रफ्तार स्कूटी गिरने से एक मैकेनिक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से नाले से शव और स्कूटी को बाहर निकाला।
बृहस्पतिवार की दोपहर नगर निवासी 26 वर्षीय मोनू अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित हो गई। इसके चलते मोनू और स्कूटी दोनों नाले में जा गिरे। बताया जा रहा है कि मोनू औद्योगिक क्षेत्र में वाहनों की ग्रीसिंग और सर्विसिंग का कार्य करता था। मौके से गुजर रहे लोगों ने नाले में स्कूटी पड़ी देखी तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इसके बाद पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से स्कूटी और शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई तो परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मोनू के दो भाई और एक बहन है। इनमें मोनू छोटा था। सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया है। इसके चलते शव परिजनों को सौंप दिया गया।