15 साल पुरानी गाड़ी में अब नहीं लगेगी सीएनजी किट
बुलंदशहर। पुराने वाहनों में सीएनजी किट लगवाकर उसे चलाने का सपना देखने वाले सतर्क हो जाएं। परिवहन विभाग ने 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों में सीएनजी किट लगवाने को मान्यता देने से इंकार कर दिया है। विभाग ने यह कदम हादसों को रोकने के लिए उठाया है। चेकिंग के दौरान वाहन में सीएनजी किट लगी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में परिवहन विभाग द्वारा 45,606 वाहनों का हाल ही में पंजीयन निलंबित किया है। काफी वाहन स्वामियों ने गाड़ियों की उम्र 15 साल से 20 साल करने के लिए सीएनजी किट लगवा ली। पूर्व में ऐसे वाहनों में पेट्रोल टैंक हटाकर सीएनजी किट लगवा लेने पर एआरटीओ कार्यालय पर आरसी में चढ़वा दिया जाता था। वहीं, आरसी में सीएनजी चढ़ने के बाद वाहन स्वामी फिर से पेट्रोल टैंक को फिट करवा लेते। इससे संबंधित वाहन ड्यूअल फ्यूल ऑप्शन वाली हो जाते हैं जो गलत है। वहीं, ऐसे वाहनों से प्रदेश भर में हादसे होने पर अब परिवहन विभाग ने रोक लगा दी है। एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद कय्यूम ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में पेट्रोल चलित वाहन की उम्र 15 साल है। अभी तक वाहन 15 साल होने पर उसकी उम्र बढ़ाने के लिए सीएनजी किट फिट करवा लेते थे। अब 15 साल पुराने वाहनों पर सीएनजी किट लगाने के बाद मान्यता देने पर रोक लगा दी गई है। जल्द ही सीएनजी किट लगे वाहनों की जांच के लिए चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।