सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर एक बजे निकुंज हॉल में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा और उसके बाद कार से सीधे कार्यक्रम स्थल ले जाया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपाइयों की ओर से चिकित्सक, शिक्षक, चार्टर्ड एकाउंटेंट, अधिवक्ता समेत अन्य वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया है। लोकसभा चुनाव के लिए भले ही आचार संहिता लागू है लेकिन प्रशासनिक अधिकारी भी दबे पांव मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कराने में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर नगर पालिका की स्प्रिंकलर गन से रविवार को कार्यक्रम स्थल के आसपास छिड़काव कराया गया। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों ने भी सफाई कराई गई है। बताया जा रहा है कि दोपहर एक बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पास दिया जाएगा। बिना पास के किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।