शहर और देहात की चर्चों में शुक्रवार को धूमधाम से क्रिसमस डे मनाया गया। प्रभु यीशु के आगमन की खुशी में ईसाई समाज के लोगों ने कैंडल जलाकर प्रार्थनाएं कीं और एक दूसरे को उपहार दिए।
बच्चों और युवाओं ने पूरे दिन मौज मस्ती की। ईटा रोड़ी स्थित सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च, डीएम रोड मैथोडिस्ट एपिस्कोपल चर्च, आल सेंट और निर्मला कान्वेंट स्कूल स्थित चर्च को क्रिसमस के अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था।
क्रिसमस को लेकर ईसाई समाज के लोगों में बेहद उत्साह था। बृहस्पतिवार आधी रात से ही चर्चों में कार्यक्रम शुरू हो गए। सुबह से ही चर्चों में प्रार्थना के लिए लोगों की कतार लगी रही।
चर्च में उपस्थित लोगों ने ‘ओ हो प्यारी रात, ओ हो न्यारी रात और शांति की रात, प्यारी रात और यीशु आया यीशु आया गुनगुनाया’। उपस्थित लोगों ने प्रार्थना कर देश में अमन-शांति की दुआ भी मांगी।
सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च के फादर एसटी गिल ने प्रभु यीशु के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभु यीशु से प्रार्थना करने पर सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
इस दौरान लोगों ने केक काटा और बच्चों को गिफ्ट वितरित किए। युवाओं व बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांध दिया।
मैथोडिस्ट एपिस्कोपल चर्च में चर्च खादिम एम लॉरेंस के नेतृत्व में बच्चों ने प्रेयर और नाटक का मंचन कर यीशु के जन्मदिन पर प्रकाश डाला। इस दौरान बच्चों को उपहार बांटे गए।
पिलखनवाली गांव के चर्च में भी क्रिसमस-डे मनाया गया। इस मौके पर राजीव रस्तेर, कविता, अगस्टीना, एरिक, एलीना, संजीव, रीना, हर्षिका और सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।
इसी तरह आल सेंट और निर्मला कान्वेंट स्कूल के चर्चों में भी प्रार्थनाएं हुईं। आवास विकास स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षकों ने बच्चों के साथ क्रिसमस मनाया। इस दौरान फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई।
इसमें जूनियर वर्ग में दृष्टि व सीनियर वर्ग में वंशिका प्रथम रहीं। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक सरजीत सिंह और प्रधानाचार्य पूजा शर्मा आदि मौजूद रहे।
प्रभु यीशु के बताए रास्ते पर चलने का लिया संकल्प
नगर में क्रिसमस डे धूमधाम से मनाया गया। सुबह चर्च पहुंचकर ईसाई समाज के लोगों ने प्रार्थना की। उन्होंने प्रभु यीशु के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
क्रिसमस डे पर चर्च की विशेष रूप से सजावट की गई थी। सुबह से ही चर्च में ईसाई समाज के लोगांे का जनसमूह उमड़ना शुरू हो गया।
नोएडा से आए फादर रिनसी और एमपी जोसफ ने सुबह 11.30 बजे चर्च पर प्रार्थना सभा कराई। पादरी ने प्रभु यीशु के विषय में लोगों को बताया कि प्रभु यीशु ने समाज में फैली बुराइयों को दूर कर अच्छाई का प्रकाश पूरे संसार में फैलाया।
प्रार्थना सभा के उपरांत बच्चों को उपहार बांटे गए। इस मौके पर समाज के काफी लोग मौजूद रहे। लोगों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। देर शाम चर्च को लाइटों से सजाया गया।
गुलावठी में क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च में पादरी सुरेंद्रपॉल ने कहा कि यीशु मसीह के संदेश को सर्वत्र फैलाएं और उनके आदर्शों पर चलें। इस मौके पर बच्चों ने धार्मिक गीत प्रस्तुत किए।
सांता क्लॉज ने बच्चों को उपहार बांटे। चर्च में आयोजित प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस मौके पर विजय बी लाल, मिलाप सिंह, रोशन, आशीष, सभासद अनिमेश, मोहनी, शोभित, विकास आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।