केयरटेकर के खिलाफ होगी कार्रवाई, बदला जाएगा रसोइया
बुलंदशहर। जिला राजकीय संप्रेक्षण गृह से पांच बाल बंदियों के भागने के मामले में हुई जांच में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। डीएम ने भागे बाल कैदियों से बातचीत करने के बाद संप्रेक्षण गृह के केयरटेकर के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने और रसोईए को हटाने के आदेश दिए हैं।
सदर तहसील रोड स्थित जिला राजकीय संप्रेक्षण गृह (बच्चा जेल) से गत सोमवार तड़के पांच बाल बंदी खुले में रखी चाबी से चैनल का गेट खोलकर भाग गए थे। अब तक चार बाल बंदियों को पकड़ लिया गयाहै, पूरे मामले की जांच के लिए डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने जिला राजकीय राजकीय संप्रेक्षण गृह पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा संप्रेक्षण गृह में मौजूद बाल बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। डीएम और एसएसपी द्वारा चारों किशोरों से एक-एक कर संप्रेक्षण गृह से भाग जाने के संबंध में पूछताछ की गई। अधिकारियों की पूछताछ के दौरान पता चला कि संप्रेक्षण गृह में कार्यरत कर्मियों द्वारा अव्यवस्था का माहौल बनाया गया है। वहां मौजूद किशोरों से अभद्र व्यवहार किया जाता है। डीएम की जांच में इसकी पुष्टि भी हुई। डीएम ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में केयरटेकर के पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही आउटसोर्सिंग पर कार्यरत राजेंद्र कुमार (रसोईया), नवीन कुमार (सफाईकर्मी) और अफसर खां (चतुर्थ श्रेणी) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनको बदलने के निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी को दिए हैं।
जांच के लिए संयुक्त टीम का गठन
सम्प्रेक्षण गृह से किशोरों के भागने के प्रकरण की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी नगर, डिप्टी कलेक्टर और जिला कार्यक्रम अधिकारी की संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया है। टीम को विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।