बुलंदशहर। जिले में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। पहली मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं के प्रवेश पूरे होने के बाद अब दूसरी मेरिट जारी की जाएगी। दूसरी मेरिट शुक्रवार को जारी हो सकती है। इसके जारी होते ही सभी 78 कॉलेजों में प्रवेश शुरू हो जाएंगे।
जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी व बीकॉम समेत प्रोफेशनल कोर्स की कक्षाओं में प्रवेश चल रहे हैं। पहली मेरिट जारी होने के बाद कॉलेजों में चार दिन तक छात्रों को विवि ने प्रवेश का मौका दिया था। मंगलवार अंतिम दिन तक 28 हजार से अधिक सीटों के सापेक्ष करीब सात हजार सीटों पर प्रवेश हो चुके हैं। इस मेरिट में सबसे अधिक प्रवेश बीए प्रथम वर्ष में हुए हैं। जबकि बीकॉम, बीएससी और प्रोफेशनल कोर्सों की सीटों पर कम प्रवेश हुए हैं। इसके बाद अब छात्र-छात्राओं को दूसरी मेरिट आने का इंतजार है। वहीं, दूसरी ओर निजी कॉलेजों में अभी 20 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश होने हैं। दूसरी मेरिट से कॉलेजों को अधिक से अधिक सीटों पर प्रवेश की संभावना है। बताया गया कि दूसरी मेरिट शुक्रवार को जारी हो सकती है।
इस बार सीसीएसयू की ओर से दूसरी मेरिट जारी करने से पहले यह ध्यान रखा जा रहा है कि उसमें किसी तरह की त्रुटि न हो। क्योंकि पहली मेरिट में कुछ तकनीकी गड़बड़ी हो गई थी। ऐसे में सीसीएसयू ने उसे वापस लेकर दूसरे दिन फिर जारी किया था। आईपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार का कहना है कि दूसरी मेरिट जारी होते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।
इस तरह है सीटों का ब्योरा
- जिले के 78 कॉलेजों में 28,636 सीटों पर होना है प्रवेश
-
कॉलेजों में विषयवार सीटों की संख्या
बीए - बीकॉम - गणित - बायो - सांख्यिकी - कृषि
13,134 - 5600 - 2020 - 1920 - 140 - 240
- प्रोफेशनल काेर्स की सीट: 5582