कॉलेजों में जमा हुए ऑफर लेटर, अब बनेगी ओपन मेरिट
बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में पीजी कक्षाओं की शेष सीटों पर प्रवेश के लिए आखिर दिन मंगलवार को भी छात्र-छात्राओं ने पहुंचकर अपने ऑफर लेटर जमा करवाएं। अब कॉलेज ओपन मेरिट बनाएंगे। तैयार होने वाली ओपन मेरिट में शामिल विद्यार्थियों के विवि के आदेश पर आठ और नौ नवंबर में प्रवेश होंगे।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से पीजी कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया पिछले दिनों शुरू की थी। इसके लिए विवि की ओर से दो कटऑफ जारी की गई थी। इन दोनों लिस्ट में शामिल छात्र-छात्राओं ने जिले के कॉलेजों में पीजी की चार हजार सीटों के सापेक्ष करीब 3200 सीटों पर प्रवेश हो चुके थे, जबकि लगभग 800 सीट खाली रह गईं। अब इन सीटों पर प्रवेश के लिए विवि ने कॉलेजों को छात्र-छात्राओं से ऑफर लेटर लेकर और ओपन मेरिट बनाकर प्रवेश करने के निर्देश दिए हैं। कॉलेजों में सोमवार और मंगलवार ऑफर लेटर जमा किए गए। अब लेटर जमा होने के बाद कॉलेज ओपन मेरिट तैयार करेंगे। बताया गया कि ओपन मेरिट भी हाई हो सकती है। 800 सीटों के सापेक्ष करीब ढाई गुना ऑफर लेटर जमा किए गए हैं। डीएवी पीजी कॉलेज बुलंदशहर के प्राचार्य डॉ. राजेश गर्ग ने बताया कि कॉलेजों में मंगलवार तक छात्र-छात्राओं के ऑफर लेटर जमा किए जा चुके हैं। अब कॉलेज विवि के आदेश पर ओपन मेरिट तैयार कर आठ और नौ नवंबर को पीजी की रिक्त सीटों पर प्रवेश करेंगे। ओपन मेरिट से सभी रिक्त सीट फुल होने की संभावना है।