बुलंदशहर। जिले में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार शुरू हो गईं। पहले दिन 27 केंद्रों पर कक्षा 10वीं के गणित विषय की परीक्षा हुई। मानक गणित और गणित बेसिक की परीक्षा में पंजीकृत 11,585 में से 11,484 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि 101 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं के अनुसार इस बार पेपर में प्राफिट व लॉस के प्रश्न शामिल हुए। केस स्टडी के प्रश्न कुछ कठिन रहे।
मंगलवार सुबह नौ बजे से परीक्षार्थी पहुंचना शुरू हो गए। साढ़े नौ बजे से उन्हें प्रवेश दिया गया और गहन तलाशी ली गई। दस बजे के बाद गेट बंद कर दिए और परीक्षा साढ़े दस बजे शुरू हुई। पहले दिन कक्षा 10वीं के गणित विषय की परीक्षा हुई। यह परीक्षा दोपहर बाद 1:30 बजे तक जारी रही। परीक्षा देकर लौटे छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले दिखे और उन्होंने पेपर को आसान बताया।
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के नोडल अधिकारी और रैनेसा स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक माथुर ने बताया कि परीक्षा पर कंट्रोल रूम से नजर रखी गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों ने निरीक्षण किया। बुधवार को कक्षा 10वीं की होम साइंस और कक्षा 12वीं के फिजिकल एजुकेशन विषय की परीक्षा होंगी।
दूसरी ओर आजाद इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कक्षा 10वीं के गणित का पेपर इस बार प्राफिट व लॉस के प्रश्न शामिल किए गए, जो कभी नहीं आए। वहीं, छात्र-छात्राओं ने बताया कि केस स्टडी के प्रश्न कुछ कठिन रहे। केलकुलेशन वाले सवालों को हर करने में समय लगा।
-
बोले छात्र-छात्रा
पेपर में बैठने से पहले कई सवाल थे लेकिन पेपर हाथ में आते ही सब शंका दूर हो गई। अधिकतर प्रश्न उत्तर पुस्तिका में लिखे। केस स्टडी वाले प्रश्नों ने कुछ उलझाने का काम किया। - निर्मला।
-
गणित के पेपर में लगभग सभी प्रश्न ऐसे आए, जिनकी पहले से तैयारी कर रखी थी। गणित के पेपर में प्राफिट व लॉस के प्रश्न पहली बार शामिल किए गए। इन सवालों का उत्तर लिखने में देरी हुई। - माहिरा कादरी।
-
पेपर में एक अंक वाले प्रश्नों वाले सवालों का उत्तर देने में देर नहीं लगी। वहीं, दीर्घ उत्तर वाले सवाल लंबे होने से समय अधिक लगा। परीक्षा की तैयारी में पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों से की गई तैयारी भी काम आई। - प्रियांशी।
-
गणित के पेपर का स्तर मध्यम था। न तो यह बहुत कठिन था और न ही जयादा आसान। एक-एक अंक वाले प्रश्न काफी आसान रहे और उनके उत्तर देने में समय नहीं लगा। अच्छे अंक मिलेंगे। - ओम वशिष्ठ।
सीबीएसई: सलेमपुर क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर लौटते परीक्षार्थी। संवाद