बुलंदशहर। बूथ लेवल अधिकारी नियुक्त होने और ड्यूटी तामिल होने के बावजूद शिक्षामित्र ने संबंधित निर्वाचन कार्य नहीं किया। इसकी जानकारी होने पर खंड शिक्षा अधिकारी बुलदंशहर ने आरोपी महिला शिक्षामित्र के खिलाफ नगर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खंड शिक्षा अधिकारी बुलंदशहर अनिल कुमार ने तहरीर देकर बताया कि निर्वाचक नामावली की तैयारी और अद्यतन नवीनीकरण अभियान कार्य को करने के लिए प्राथमिक विद्यालय बहलीमपुरा की शिक्षामित्र राखी राजपूत को बूथ लेवल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। जिसके बाद उनकी ड्यूटी भी तामिल करा दी गई थी लेकिन शिक्षामित्र राखी ने इसके बावजूद निर्वाचन संबंधित उक्त कार्य संपादित नहीं किया है। जिससे विशेष पुन: निरीक्षण कार्यक्रम बाधित हो रहा है। उनके द्वारा अपने कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला शिक्षा मित्र राखी राजपूत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।