सरकारी खाद्यान्न के शक में 30 क्विंटल गेहूं पकड़ा
सिकंदराबाद। सरकारी खाद्यान्न के शक में प्रशासन ने 30 क्विंटल गेहूं से भरी एक गाड़ी को पकड़ा है। आपूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच सौंपी गई है। इटवा व्यापार मंडल ने पकड़े गए गेहूं को निजी बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया।
एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को नगर स्थित एक आटा चक्की पर सरकारी राशन के बेचे जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई करते हुए मौके से गेहूं से भरी गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया। गाड़ी में करीब 30 क्विंटल गेहूं भरा हुआ था। पकड़ी गई गाड़ी को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। आपूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच सौंपी गई है। इटवा व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मोहित गोयल ने पकड़े गए गेहूं को निजी बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया है। एसडीएम का कहना है कि जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।