मोहित हत्याकांड में दो आरोपियों को भेजा जेल
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव जोली में हुए मोहित हत्याकांड में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। वहीं, मृतक के भाई रोहित की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव जोली निवासी श्याम सिंह के घर में घुसकर रविवार रात गांव के ही सगे भाइयों ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में श्याम सिंह की पत्नी सोमवती और पुत्र मोहित व रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया था। यहां चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया था। चिकित्सकों ने रोहित व सोमवती की गंभीर हालात देखते हुए मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित श्याम सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर नामजद आरोपियों सुनील और बबलू को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद कर लिया था। कोतवाल जयकरण सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर उनकी मोहित और उसके परिवार के लोगों से रंजिश चली आ रही थी। बदला लेने के लिए उन्होंने मोहित की हत्या की है।