लिफाफे के खेल में फंसे डिबाई कोतवाल, लाइन हाजिर
बुलंदशहर। डिबाई कोतवाल को शुक्रवार देर रात एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। बताया गया कि कोतवाल ने एक अफसर के नाम का लिफाफा दफ्तर में पहुंचाया। जिसकी जानकारी मिलते ही एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी को लाइन भेज दिया। साथ ही अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक अशोक कुमार को डिबाई का नया कोतवाल बनाया गया है।
एक ओर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ अफसरों को सख्त कार्रवाई के निर्देश देती है। तो, वहीं जनपद में कुछ पुलिसकर्मी अपनी हरकतों से बाज आने को तैयार नहीं है। बताया गया कि शुक्रवार को डिबाई कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह ने एक लिफाफा बुलंदशहर पुलिस कार्यालय के एक अफसर के नाम से पहुंचाया। यह लिफाफा अधिकारी ने रख लिया और सोचा कि कुछ कागजात होंगे उसे बाद में देखा जाएगा। कुछ समय बाद उन्होंने लिफाफा देखा तो उसमें कुछ नोट दिखाई दिए। इस संबंध में संबंधित अधिकारी ने एसएसपी से शिकायत की और डिबाई कोतवाल के पूरे प्रकरण को बताया। एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए डिबाई कोतवाल और संबंधित अधिकारी से पैसे के लेनदेन के बारे में जानकारी की। एसएसपी ने प्रारंभिक जांच में थाना प्रभारी को दोषी मानते हुए लाइन हाजिर कर दिया है। जबकि, उनके स्थान पर निरीक्षक अशोक कुमार को डिबाई का चार्ज सौंपा गया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जनपद पुलिस में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डिबाई कोतवाल सुभाष सिंह की शिकायत मिली थी, प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। कुछ लोगों की गोपनीय तरीके से भी जांच कराई जा रही है।