जमानत पर आने के बाद पीड़िता के घर पहुंच दी दुष्कर्म की धमकी
बुलंदशहर। 11 वर्षीय कक्षा छह की छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने वाला आरोपी जमानत पर जेल से छूटकर पीड़िता के घर जा पहुंचा। जहां उसने पीड़िता व उसकी मां को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़िता की मां ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका पति मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। पीड़िता की 11 वर्षीय पुत्री कक्षा छह की छात्रा है। गत 11 अप्रैल को गांव निवासी आरोपी युवक उनके घर में घुस आया। उस दौरान पीड़िता की पुत्री घर पर अकेली मौजूद थी। आरोपी ने उनकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। लेकिन, बीते दिनों आरोपी जमानत पर जेल से छूट गया। जिसके बाद वह अपने दो अन्य साथियों को साथ लेकर पीड़िता के घर में हथियार लेकर घुस आया और अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर लोगों को एकत्रित होते हुए देख आरोपी मौके से उसे भविष्य में हत्या की धमकी देकर व उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म की धमकी देकर भाग निकला। पीड़िता का कहना है कि गांव में उसे आरोपी पक्ष से हत्या की आशंका है। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।