नोएडा में फ्लैट बेचने के नाम पर रिश्तेदारों ने हड़पे 10 लाख रुपये
बुलंदशहर। नगर क्षेत्र के एक व्यक्ति से उसके रिश्तेदारों ने ही नोएडा में फ्लैट बेचने का झांसा देकर करीब दस लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने पीड़ित को किसी अन्य व्यक्ति के फ्लैट को अपना बताकर ठगी की। पीड़ित व्यक्ति ने रुपए वापस मांगे तो उससे मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। एसएसपी ने शिकायत पर जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नगर कोतवाली के देवीपुरा निवासी आकाश ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि गौतमबुद्धनगर में रहने वाले दो रिश्तेदारों ने करीब छह माह पहले उसे गौतमबुद्धनगर में ही एक सस्ता फ्लैट दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने उसे अपने साथ ले जाकर एक सोसायटी में फ्लैट दिखाया और उस फ्लैट का सौदा उसके साथ तय कर दिया। इसमें कुछ रकम एडवांस बतौर कैश और शेष रकम बैनामा होने पर चैक के माध्यम से देना तय हुआ। पीड़ित के अनुसार उसने आरोपियों को दिसंबर 2021 में चार लाख रुपये नकद और छह लाख रुपये का चेक दे दिया। बाद में पीड़ित ने जब फ्लैट का बैनामा कराने के लिए कहा तो आरोपी रिश्तेदार उसे टलाते रहे। इस पर उसे शक हुआ और उसने बीते दिनों संबंधित फ्लैट पर जाकर पता किया तो उसके किसी अन्य का होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने आरोपी रिश्तेदारों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने उससे अभद्रता करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने नगर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।