बदमाशों ने दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूटे 12 लाख के गहने
खुर्जा। नगर कोतवाली क्षेत्र की गांधी रोड पदक सिंह गेट पर स्थित ललित ज्वेलर्स में शनिवार सुबह दिनदहाड़े एक बदमाश ने हथियार के बल पर व्यापारी को आतंकित कर करीब 12 लाख रुपये कीमत की 11 सोने की चेन लूट लीं। जिसके बाद आरोपी घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ी अपनी बाइक को लेकर फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंचे और जल्द से जल्द वारदात के राजफाश करने का आश्वासन पीड़ित व्यापारी को दिया है।
नगर के मोहल्ला मुरारीलाल पेच निवासी मनीष बंसल उर्फ मिंटू ने बताया कि उनकी पदम सिंह गेट पर ललित ज्वैलर्स के नाम से सराफा की दुकान है। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी दुकान पर ही मौजूद थे। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मास्क लगाकर दुकान में आया। जिसने सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। इस दौरान दुकान में दो सहायककर्मी हरीओम और चेतन भी मौजूद थे, जो सीढ़ियों पर बैठे हुए थे। जिस पर पीड़ित ने आरोपी युवक को कुछ सोने की चेन दिखानी शुरू कर दीं। जो कि अलग-अलग वजन और अलग-अलग कीमत की थीं। आरोप है कि सोने की चेन देखने के दौरान आरोपी मोबाइल फोन पर किसी से बात करने लगा। पांच मिनट बाद वह कुर्सी से उठा और बगल में दबाई हुई अपनी पिस्टल बाहर निकाल ली। मनीष कुछ समझ पाते इससे पहले आरोपी चेन का डिब्बा बंद कर बाहर लेकर भाग निकला। आरोपी के पीछे एक सहायककर्मी भी भागा, लेकिन आरोपी दुकान से करीब 200 मीटर दूरी पर ढोरी मोहल्ले वाली गली में खड़ी अपनी बाइक को स्टार्ट कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर आरोपी की तलाश में चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया। लेकिन, शाम तक बदमाश का कोई सुराग नहीं लग सका है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लड़खड़ाते हुए भागा बदमाश, देखते रह गए लोग
दुृकान से निकलने के बाद बदमाश के एक हाथ में पिस्टल और एक हाथ में गहनों का डिब्बा था। ऐसे में वह भागते हुए लड़खड़ा रहा था। बाजार में चल रही दो महिलाओं से उसकी टक्कर भी हो गई। सभी लोग उसको देख रहे थे, लेकिन कुछ समझ नहीं पा रहे थे। इतने में वह पेट के पास डिब्बा दबाकर बाइक लेकर फरार हो गया।
व्यापारियों ने किया कोतवाली का घेराव
घटना के बाद गुस्साए व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव किया। व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान आईजी प्रवीण कुमार से मुलाकात कर उन्होंने व्यापारियों की सुरक्षा और जल्द से जल्द वारदात के खुलासे की मांग की।
दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस अब आरोपी की शिनाख्त के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी खंगालने में जुट गई है। बताया गया कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। जिसकी डीबीआर पुलिस ने कब्जे में ले ली है। इसके अलावा अन्य सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस चेकपोस्ट के सामने हुई घटना, पुलिसकर्मी नदारद
गांधी रोड खुर्जा का मुख्य बाजार है। इस मार्ग पर करीब 700 से अधिक दुकानें हैं। जाम और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए व्यापारियों की मांग पर पदम सिंह गेट पर पुलिस चेकपोस्ट बनाया गया है, लेकिन यहां पुलिसकर्मी हर वक्त नदारद रहते हैं। पदम सिंह गेट पर स्थित ही दुकान में लूट की घटना हुई है। ऐसे में गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पिछले सप्ताह सुभाष रोड पर हुई थी वारदात
बीते माह 27 मई को सुभाष रोड पर दोपहर 12 बजे ग्राहक सेवा केंद्र में तीन बदमाश घुस गए थे, जिन्होंने केंद्र संचालक की आंखें में मिर्च पाउडर डालकर लूट की कोशिश की थी, लेकिन बुजुर्ग महिला के आने पर आरोपी वहां से भाग गए। वहीं 28 मई को खुर्जा देहता क्षेत्र के बाढ़ा गांव के पास बीच रास्ते में शराब का ठेका सेल्समैन को गोली मारकर 71 हजार रुपये लूट लिए थे।
कोट =
मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। घटना स्थल से लेकर आरोपी जिस ओर भागा है, वहां के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
- प्रवीण कुमार, आईजी
---------
कोट =
ज्वेलर्स की दुकान से 11 सोने की चेन लूटने की सूचना मिली थी। इसको लेकर मौके पर जांच की गई। वहीं दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी बदमाश को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
- श्लोक कुमार, एसएसपी