परिजनों ने प्रेम संबंधों का किया विरोध, युवती ने खाया जहर
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती ने नोएडा स्थित किराए के मकान में जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। बताया गया कि युवती का अपने कालेज के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। लेकिन, उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ हैं। शुक्रवार को भी युवती का परिजनों से फोन पर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती नोएडा के एक कालेज में एमबीए की छात्रा है। बताया गया कि वह नोएडा में ही किराए के मकान में रहती है। युवती का गाजियाबाद निवासी उसके कालेज में पढ़ने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों शादी करना चाहते हैं। युवक के परिजन इस रिश्ते को कुबूल कर रहे हैं। लेकिन, युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ हैं। बताया गया कि शुक्रवार शाम को युवती का फोन पर अपने परिजनों से इस बाबत विवाद भी हुआ था। जिसके बाद उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसकी सहेलियों ने उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, उसकी हालत में अभी सुधार बताया जा रहा है। जानकारी होने पर परिजन भी नोएडा रवाना हो गए हैं।