बिना एसडीओ-जेई के चेकिंग करने पहुंचे कर्मचारी, लोगों ने दौड़ाया
डिबाई। क्षेत्र के बिजली निगम कर्मचारी खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाकर वसूली करने में लगे हैं। शनिवार को एसडीओ और जेई की गैरमौजूदगी में कर्मचारी गांव में चेकिंग अभियान चलाने के लिए पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने कर्मचारियों को दौड़ा दिया। बाद में कर्मचारियों ने ग्रामीणों पर मारपीट और रुपये छीनने की शिकायत पुलिस को दी है।
भीमपुर दौराह स्थित 132 केवी उप केंद्र संविदा लाइनमैन रोहित कुमार ने पुलिस को दिया प्रार्थना पत्र में बताया है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पेट्रोलमैन शैल कुमार तथा संविदा कर्मी नरेश कुमार, रोहित कुमार, मनोज कुमार, अरविंद कुमार, सर्वेश कुमार व दिनेश कुमार कर्मचारियों के साथ गांव दौरऊ में बिजली चेकिंग करने के लिए गए थे। आरोप है कि दोपहर के समय में जब वह गांव से लौट रहे थे तो भट्ठे के पास पहुंचते ही कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने वसूली के 10 हजार रुपये भी छीन लिए, जबकि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल भी मौके पर गिर गया। इसके बाद कर्मचारियों ने मामले में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली निरीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि विद्युत कर्मचारियों से तहरीर मिली है, मामले में जांच की जा रही है। एक्सईएन देवेंद्र सिंह ने बताया कि कर्मचारी टीजीटू को साथ लेकर चेकिंग के लिए गए थे। ग्रामीणों ने मारपीट की है। जिसकी शिकायत पुलिस को दी है।