कोरोना ने दी दस्तक, एक ही दिन में पांच मरीज मिले
बुलंदशहर। जिले में कोरोना ने फिर से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। आठ दिन बाद एक ही दिन में पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, पूर्व में संक्रमित मिले दोनों लोग स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज कर दिए गए। इसके बाद जिले में सक्रिय केसों की संख्या पांच हो गई है। जनपद पिछले माह कोरोना से मुक्त हो गया था। हालांकि समय-समय पर अन्य जनपदों में बुलंदशहर निवासी लोगों में संक्रमण की पुष्टि होती गई।
आठ अप्रैल को नोएडा में एक युवक संक्रमित मिला था। इसके बाद आठ दिन से किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। अब देर शाम जनपद निवासी पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुष्टि की गई। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ रोहताश यादव ने बताया कि जिले में एंटीजन किट से और सैंपल लेकर आरटीपीसीआर लैब से जांच लगातार जारी है। शनिवार को एंटीजन किट से जांच में दो व्यक्ति और आरटीपीसीआर लैब से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें खुर्जा निवासी तीन तो जहांगीराबाद क्षेत्र निवासी दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। लोगों से अपील है एहतियात बरतें और कोविड गाइड लाइन का पालन जरूर करें।
फरवरी में मिले थे पांच संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के दौरान 16 फरवरी को एक ही दिन में पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद अब दो माह बाद 16 अप्रैल को एक ही दिन में पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
नए संक्रमित में एक साल का मासूम भी
जिले में शनिवार को मिले कोरोना संक्रमित में एक साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। जबकि एक 11 साल का तो दूसरा 15 साल का किशोर है। साथ ही दो अन्य संक्रमित में एक 32 साल का युवक तो 39 साल की महिला शामिल है। इनमें दो को होम आइसोलेट तो तीन कोविड अस्पताल में भर्ती किये गए हैं।