थ्रेसिंग के लिए एकत्रित की गई गेहूं की फसल में लगी आग
गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव नत्थूगढ़ी में बृहस्पतिवार देर रात थ्रेसिंग के लिए एकत्रित की गई छह बीघा गेहूं की फसल में आग लग गई। जिससे हजारों रुपये कीमत की फसल जलकर राख हो गई। आग का कारण 11 हजार केवी की लाइन में शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नत्थूगढ़ी निवासी किसान प्रेमवीर सिंह ने अपने छह बीघा खेत में गेहूं की फसल की कटाई की थी। कटाई के बाद गेहूं की पूलिया थ्रेसिंग के लिए खेत में इकट्ठा कर दी। जहां पर गेहूं की पूलिया इकट्ठा थी, उसी स्थान पर ऊपर से 11 हजार केवी की विद्युत लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार रात में विद्युत लाइन में अचानक शार्ट सर्किट हो गया और गेहूं की पूलियों में आग लग गई। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन, तब तक आग से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित किसान को करीब 90 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। उधर, भाकियू सम्पूर्ण भारत के प्रदेश अध्यक्ष पवन तेवतिया, संजू प्रधान, पंकज चौधरी आदि ने पीड़ित किसान को उचित मुआवजे की मांग की है।