जानलेवा हमले के आरोपी का तमंचे के साथ वीडियो वायरल
बुलंदशहर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी जानलेवा हमले का आरोपी अपने दो साथियों के साथ तमंचे के साथ बैठा नजर आ रहा है। मामले में पुलिस ने वीडियो बनाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, तमंचे के साथ नजर आ रहे युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पापड़ी में दो पक्षों में विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों की ओर से थाने पर एफआईआर भी दर्ज हैं। वहीं, अब मामले में एक पक्ष के युवक का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। 13 सेकंड के इस वीडियो में जानलेवा हमले का आरोपी युवक गौरव अपने दो साथियों के साथ एक चारपाई पर बैठा हुआ है। साथ ही उसके सामने एक तमंचा भी रखा हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो में नजर आ रहे युवकों व वीडियो बनाने वाले युवक को भी हिरासत में ले लिया। हालांकि, पूछताछ के बाद पुलिस ने केवल वीडियो बनाने वाले युवक का ही चालान किया है। जबकि, अन्य तीनों आरोपियों को पूछताछ के छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच के बाद ही आरोपी को जेल भेजा गया है। मामला दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है।