स्नान के दौरान बहे दो किशोर, नाविकों ने सकुशल बचाया
नरौरा। नगर के गांधीघाट पर परिवार सहित गंगा स्नान को आए दो किशोर पानी में अठखेलिया करते हुए गहरे पानी में पहुंचने पर नदी के बहाव में बहने लगे। परिजनों द्वारा शोर करने पर नाविक व कुशल तैराकों ने दोनों किशोरों को सकुशल बचा लिया।
गंगाघाट के स्थानीय दुकानदार व नाविकों ने बताया कि मंगलवार को गंगा स्नान के दौरान अपने परिवार के साथ आए बुलंदशहर निवासी नितेश कुमार 15 वर्ष व आरब (12) स्नान के दौरान पानी में अठखेलियां करते हुए नदी में आगे चले गए। गहरे पानी में तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों नदी में बहने लगे। यह देख रहे लोगों द्वारा शोर शराबा करने पर नाविक रामदयाल निषाद, प्रशांत कुमार ने अन्य तैराकों की मदद से दोनों को सकुशल सुरक्षित बचा लिया। नाविक रामदयाल निषाद ने बताया कि गर्मी के मौसम में स्नान के दौरान युवाओं व किशोरों द्वारा पानी में अठखेलियां करना भारी पड़ जाता है। ऐसे में कई बार वह लोगों को रोकते भी हैं लेकिन वह नहीं मानते है। जिससे हादसे की आशंका बन जाती है।