सिकंदराबाद में वेयर हाउस बनाएगी जिला पंचायत
बुलंदशहर। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सिकंदराबाद क्षेत्र में वेयर हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पंचायत के अधिकारियों ने तैयारी शुरू करते हुए लोगों से दावे और आपत्ति मांगे हैं। आपत्ति देने के लिए लोगों को 15 दिनों का समय दिया गया है।
सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव नेकरामपुर में जिला पंचायत की जमीन है। इस जमीन पर वेयर हाउस निर्माण के लिए जिला पंचायत अधिकारियों ने पहल की है। वेयर हाउस निर्माण का उद्देश्य जिला पंचायत की आय बढ़ाना है। साथ ही इस कदम से क्षेत्र में विकास को रफ्तार मिलेगी और जमीन पर भी अवैध कब्जा नहीं हो सकेगा। फिलहाल टीन शेड, और बाउंड्री वॉल कराकर वेयर हाउस का निर्माण होगा। इसमें लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि का व्यय होने की संभावना है। जमीन पर निर्माण शुरू करने से पहले किसी भी प्रकार की आपत्ति लोगों को न हो, इसके लिए 15 दिन का समय देते हुए आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विद्या शंकर पांडेय ने बताया कि गांव नेकरामपुर में वेयर हाउस निर्माण की योजना है। फिलहाल इसको लेकर आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। समयावधि के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।