गालिमपुरा में शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त किया स्मारक
खानपुर। क्षेत्र के गांव गलिमपुरा में शरारती तत्वों ने एक बार फिर गांव की फिजा बिगाड़ने की कोशिश की। शातिरों ने इस बार गांव निवासी किसान जितेंद्र के खेत में उनके पिता की स्मृति में बनी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने मूर्ति के हाथ को तोड़ दिया और गर्दन भी तोड़ने का प्रयास किया।
गांव निवासी जितेंद्र ने अपने खेत पर अपने पिता की याद में उनकी प्रतिमा लगाई हुई है। अज्ञात लोगों ने शुक्रवार रात को प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार सुबह खेतों पर गए किसानों ने मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने की सूचना जितेंद्र को दी। सूचना पाकर जितेंद्र सहित दर्जनों ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए और हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि गांव की फिजा बिगाड़ने वह जातीय तनाव पैदा करने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। एक सप्ताह पूर्व भी गांव के मुख्य द्वार पर लगे महापुरुष के नाम के बोर्ड पर असामाजिक तत्वों ने कालिख लगा दी थी। दो दिन पूर्व सीओ अलका सिंह ने दोनों पक्ष के ग्रामीणों के साथ बैठक कर मामले का निस्तारण किया था।