हादसे में घायल युवक निकला नरसेना थाना का हिस्ट्रीशीटर
ऊंचागांव। सोशल मीडिया पर दो दिन से एक युवक की सड़क हादसे में घायल होने और उसके पास एक अवैध देशी पिस्टल पड़ी होने की वीडियो वायरल हो रही थी। पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि आरोपी युवक नरसेना थाना क्षेत्र के गांव चंदियाना का निवासी है और थाने का हिस्ट्रीशीटर है। फिलहाल उसका हायर मेडिकल सेंटर में उपचार चल रहा है।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि बुधवार से सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह युवक घायल अवस्था में खून से लथपथ सड़क पर पड़ा हुआ नजर आ रहा है। उसके पास एक पिस्टल भी सड़क पर पड़ी हुई दिख रही है। एसपी सिटी का कहना है कि वीडियो की जब जांच की गई तो वह नरसेना थाना क्षेत्र की थी। वीडियो में नजर आ रहा घायल युवक की शिनाख्त शफीक निवासी गांव चंदियाना के रूप में हुई। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। हादसे के बाद उसके परिजनों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर उपचार के लिए भर्ती करा दिया था। बताया गया कि एक पिस्टल सड़क किनारे कहीं फेंक दी गई थी। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है।