घर में घुसकर लूटपाट की कोशिश, विरोध पर वृद्धा की हत्या
डिबाई। नयाबांस बांगर गांव में 9 फरवरी को अज्ञात बदमाश ने घर में घुसकर लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर वृद्ध महिला के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर घायल कर दिया और फरार हो गया। वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बिना बताए ही बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नया बांस बांगर निवासी नेत्रपाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका पुत्र व पुत्रवधू आगरा में रहते हैं। नेत्रपाल बुधवार को किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी रामबेटी अकेली थीं। उसी दौरान एक अज्ञात बदमाश आया, जिसने रामबेटी से उनके पति नेत्रपाल का मोबाइल नंबर मांगा। इस पर वह कागज पर नंबर लिखवाने के लिए चली गईं। इसी बीच आरोपी उनके घर में घुस गया और कुछ सामान लूटने की कोशिश करने लगा। रामबेटी ने आकर यह देखा तो उन्होंने विरोध किया। इस पर बदमाश ने किसी भारी वस्तु से रामबेटी के सिर पर प्रहार कर दिया। कुछ देर बाद उनका पड़ोसी घर पहुंचा तो वह लहूलुहान अवस्था में पड़ी हुई थीं। उन्हें अलीगढ़ में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है, अपने स्तर से दिखवाया जा रहा है।