604 क्विंटल अवैध शीरा दो टैंकर से बरामद
नरौरा। आबकारी टीम और थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संभल की ओर जा रहे शीरा से भरे दो कैं टर पकडे़। साथ ही दोनों टैंकर के चालक भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। दोनों वाहनों में करीब 604 क्विंटल शीरा भरा हुआ था जो कि अवैध तरीके से लाया गया था। मामले में आबकारी निरीक्षक की ओर से धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन प्रथम मेरठ संजीव कुमार सिंह ने बताया है कि मुखबिर से सूचना मिली कि संभल की ओर से जनपद बुलंदशहर में दो टैंकर शीरा से भरे हुए आ रहे हैं। जिस पर आबकारी निरीक्षक डिबाई विद्यासागर को सूचना देकर नरौरा थाना पुलिस को नरौरा बैराज पर लगाया गया। वहां चेकिंग के दौरान संभल की ओर से आ रहे दोनों टैंकर को रोका गया। इनमें कुल 604 क्विंटल शीरा भरा हुआ था। मौके से टैंकर चालक प्रेमवीर निवासी ग्राम अंबापुर थाना कोतवाली देहात (बुलंदशहर) व दूसरे चालक तेजपाल उर्फ बॉबी निवासी ग्राम चिट्टा थाना सलेमपुर (बुलंदशहर) को पकड़ लिया। आरोपियों से पूछताछ व चेकिंग के दौरान पता चला कि कागजात में यह खंडशारी शीरा दर्शाया गया है। जबकि, यह चीनी मिलों से लाया गया शीरा था। इनके कागजातों में दोनों का कुल वजन मात्र 330 क्विंटल दर्शाया गया था।
पूछताछ में चालकों ने टीम को बताया कि विभिन्न चीनी मिलों से चोरी से यह शीरा लाते हैं। आरोपियों ने बताया कि बुलंदशहर निवासी अभिषेक अग्रवाल, वेदप्रकाश अग्रवाल व खेयाश एंटरप्राइजेज मुरादाबाद भी इस गोरखधंधे में शामिल हैं। सीओ वंदना शर्मा ने बताया कि मामले में धोखाधड़ी, शीरा नियंत्रण अधिनियम व उत्तर प्रदेश उत्पाद शुल्क, आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।