बुलंदशहर में 93 और मिले कोरोना संक्रमित, एक की मौत
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण का ग्राफ जनपद में बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 93 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसमें सर्वाधिक 26 लोग सदर तहसील क्षेत्र के निवासी हैं। जहांगीराबाद में 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, एक युवक स्वस्थ हुआ तो एक संक्रमित की मौत हो गई। जनपद में संक्रमण के कुल केस 20,471 हो गए हैं। अब तक कुल 19,978 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 245 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 248 लोगों का उपचार चल रहा है।
जिले में अब कोरोना संक्रमण की रफ्तार हर दिन दोगुनी होने लगी है। शनिवार को मिले संक्रमितों में बच्चे और किशोर भी शामिल हैं। इनकी उम्र सात से 13 वर्ष के बीच है। एसीएमओ/नोडल अधिकारी ने बताया कि शनिवार को नगर निवासी कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की हापुड़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। साथ ही एक व्यक्ति के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। शनिवार को शिकारपुर में नौ, बीबीनगर व गुलावठी में आठ-आठ, डिबाई व स्याना में सात-सात, खुर्जा में छह, सिकंदराबाद में पांच, अनूपशहर में चार, ऊंचागांव व अरनियां में दो-दो और लखावटी, अगौता व दानपुर निवासी एक-एक लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है।
25,175 लोगों को लगा टीका
शनिवार को बारिश के बीच काफी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंचे। हालांकि, सुबह के समय टीकाकरण केंद्र खाली नजर आए। इस बीच 15 से 17 उम्र के किशोर समेत शनिवार शाम पांच बजे तक 25,175 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को जिले के 81 केंद्रों पर 286 सत्र का आयोजन कर लोगों को टीका लगाया गया। जो लोग टीका लगवाने से वंचित है वह शीघ्र ही टीका लगवा लें।