अस्थायी कनेक्शन फर्जीवाड़े में जेई पर गाज
बुलंदशहर। अस्थाई बिजली कनेक्शन पाए जाने के मामले में अधिकारियों ने जेई के खिलाफ कार्रवाई की है। जेई का तबादला खुर्जा खंड के पहासू में कर दिया गया है, जबकि पहासू क्षेत्र से आए जेई को अनूपशहर अड्डा बिजलीघर का चार्ज सौंपा गया है।
20 दिसंबर 2018 को अनीस अहमद बर्नी के नाम से स्याना अड्डा क्षेत्र में एक किलोवाट का अस्थाई कनेक्शन जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि मैरिज होम निर्माण के लिए छह माह की अवधि के लिए कनेक्शन जारी किया गया था। होटल निर्माण के लिए एक किलोवाट का अस्थाई कनेक्शन जारी करना ही अपने आप में सवाल खड़ा करता है, लेकिन अधिकारियों ने मिलीभगत करते हुए ऐसा किया। इसके बाद कनेक्शन की अवधि 19 जून 2019 को समाप्त होने के बाद न तो मीटर उतारा और न ही अस्थाई कनेक्शन को खत्म किया। करीब ढाई वर्षों से उपभोक्ता के द्वारा अवैध रूप से बिजली का प्रयोग किया जा रहा है। चार दिन पहले अधिकारियों ने कनेक्शन की जांच की तो पता चला कि समयावधि के बाद भी कनेक्शन चल रहा था। ऐसे में किसी स्थानीय अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत की संभावना थी। अब निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए अनूपशहर अड्डा बिजलीघर के जेई संजीव कुमार का तबादला किया है। अब बिजलीघर पर जेई चंद्रशेखर को तैनात किया गया है। वहीं उपभोक्ता अनीस अहमद बर्नी ने एक्सईएन से शिकायत करते हुए अधिकारियों पर अवैध वसूली के लिए दवाब बनाने का आरोप लगाया है।
कोट -
प्रकरण में जेई का तबादला कर दिया गया है। आगे की जांच की जा रही है जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
- अभिषेक कुमार, एक्सईएन, बिजली निगम