बच्चे के पिता और अस्पताल संचालक समेत 30 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। दो दिन पूर्व नगर के काला आम चौराहा स्थित किलकारी चाइल्ड केयर हॉस्पिटल पर परिजनों ने बच्चा बदलने का आरोप लगा हंगामा किया था। इस मामले में चिकित्सक ने एक अन्य अस्पताल संचालक, बच्चे के पिता और 30 अज्ञात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विगत दिनों नगर के कालाआम चौराहा स्थित किलकारी चाइल्ड केयर हॉस्पिटल पर कैलावन निवासी कपिल शर्मा और हरिओम शर्मा ने अपने परिजनों संग बच्चा बदलने का आरोप लगा हंगामा किया था। हंगामे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच बीते चार दिनों का ब्यौरा कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं, सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिना विशेषज्ञ महिला की डिलीवरी करने वाले नवजीवन अस्पताल को सील करते हुए किलकारी अस्पताल के संचालक को नोटिस थमाया था। साथ ही बच्चा बदलने के मामले में समस्त स्टाफ का बयान और संबंधित दस्तावेज तलब किए गए। उधर, शुक्रवार को किलकारी चाइल्ड केयर हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. योगेंद्र सिंह द्वारा बृहस्पतिवार रात कृष्णकांत शर्मा उर्फ कपिल शर्मा पुत्र हरिओम शर्मा निवासी कैलावन, नवजीवन हॉस्पिटल के संचालक रविंद्र चौधरी समेत 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। डॉ. योगेंद्र सिंह का आरोप है कि रविंद्र चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है। रविंद्र चौधरी और बच्चे के परिजनों द्वारा हॉस्पिटल पर मारपीट की गई। इस मामले के बाद से आरोपियों द्वारा धमकी दी जा रही है। वहीं, पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर दो नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जो भी दोषी होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।