भाकियू ने बिजली निगम के एक्सईएन को बनाया बंधक
बुलंदशहर। बिजली निगम के एक्सईएन पर किसानों से अभद्रता और गनर द्वारा अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हाइडिल कॉलोनी में जमकर हंगामा किया। इस दौरान भाकियू अराजनैतिक के पूर्व जिलाध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने आरोप लगाया कि पंचम खंड के एक्सईएन द्वारा किसानों से लगातार बदसलूकी की जाती है। जबकि एक्सईएन के प्राइवेट गनर द्वारा किसानों को एक्सईएन से मिलवाने के नाम पर 100 से 500 रुपये की वसूली की जाती है।
देर शाम करीब सात बजे शुरू हुआ किसानों का धरना रात नौ बजे तक चलता रहा। अधिकारियों को बंधक बनाने की सूचना पर एसडीएम सदर सतीश कुमार कुशवाहा और सीओ सिटी शशांक सिंह मौके पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अवैध वसूली की रकम को वापस करने की मांग रखी। रात करीब 9.15 बजे चीफ इंजीनियर अवधेश कुमार सिंह और एसडीएम सदर सतीश कुमार कुशवाहा व सीओ सिटी शशांक सिंह की मौजूदगी में किसानों और अधिकारियों के बीच सहमति बनी। इसके बाद किसानों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।